बौंडी। ग्राम पंचायत मंझारा तौकली के बभननपुरवा में शुक्रवार तड़के एक बार फिर भेड़िये ने हमला कर दहशत फैला दी। सुबह करीब 5:30 बजे गाय को चारा देने जा रही महिला पर झपट्टा मारकर जबड़े में दबोच लिया और खेत की ओर खींचने लगा। चीख सुनकर दौड़े ग्रामीणों के शोर मचाने पर भेड़िया महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया।
बभननपुरवा गांव निवासी सावित्री देवी (50) रोज की तरह शुक्रवार सुबह घर के बगल स्थित गन्ने के खेत की ओर जा रही थीं। तभी खेत में छिपे बैठे भेड़िये ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सावित्री की गर्दन और सिर पर कई जगह गंभीर जख्म कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और शोर मचाकर भेड़िये को खदेड़ा। ग्रामीणों की भीड़ देख हमलावर भेड़िया सावित्री देवी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।आनन-फानन ग्रामीणों ने घायल सावित्री को फखरपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब दो घंटे बाद पहुंची। इससे लोगों में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को लेकर गुस्सा देखा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से इलाके में भेड़िये के हमले लगातार हो रहे हैं, लेकिन वन विभाग और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। वन विभाग की इस अनदेखी के कारण गांव के लोग रोजाना दहशत में जीने को मजबूर हैं।
एसएसबी के जवानों को भी बुलाया
भेड़िया प्रभावित क्षेत्र में एसएसबी के भी विशेषज्ञों को बुलाया गया है। रेंजर ओंकार नाथ यादव ने बताया कि प्रभावित इलाकों में मदद के लिए एसएसबी के जवान सहयोग कर रहे हैं। लगातार जाल लगाकर निगरानी की जा रही है।