फखरपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक में मौजूद लोग। -संवाद
फखरपुर। महाशिवरात्रि, रमजान, होली और होलिका दहन को लेकर रविवार शाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष संजीव सिंह चौहान ने की। थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रहेगी।
उन्होंने आयोजकों से अपील की कि होलिका दहन स्थलों पर किसी भी तरह का विवाद न होने दें। यदि कहीं पहले से कोई विवाद या समस्या हो, तो उसकी जानकारी समय रहते थाने को दी जाए, जिसका समाधान किया जा सके।
बैठक में डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि न्यायालय और शासन द्वारा तय ध्वनि सीमा के भीतर ही संगीत बजाया जाए। किसी भी धार्मिक आयोजन या जुलूस में आपत्तिजनक या भड़काऊ गाने नहीं बजाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचें और सोशल मीडिया पर किसी भी गलत जानकारी को न फैलाएं। उन्होंने जनसहयोग से शांति बनाए रखने की अपील की। बैठक में पुलिसकर्मी और क्षेत्र के गणमान्य लोग व आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।