वन्यजीव के हमले में घायल अंशिका।
मटेरा। नानपारा वन रेंज के असवा गांव में मंगलवार शाम घर के पास खेल रही पांच वर्षीय बालिका पर वन्यजीव ने हमला कर दिया। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग दौड़े तो जानवर भाग गया। अंधेरा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। घायल बालिका को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम गश्त कर हमलावर वन्यजीव की तलाश में जुटी है।
ननकू प्रजापति की पुत्री अंशिका मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वन्यजीव ने हमला कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम वन्यजीव के पगचिह्न तलाश रही है। रेंजर पियूष गुप्ता ने बताया कि शुरुआती तौर पर सियार के हमले की आशंका है। पगचिह्न मिलने के बाद ही वन्यजीव की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों के मुताबिक, असवा से करीब चार किमी दूर भग्गड़वा गांव में दो दिन पहले पांच वर्षीय मिथिलेश कुमार पर वन्यजीव ने हमला कर घायल कर दिया था। इसके कुछ देर बाद करौंदा गांव में सात वर्षीय बालिका पर भी हमला हुआ था। लगातार तीन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।