कतर्नियाघाट के आंबा गांव में हथियों के उत्पात में बर्बाद हुई फसल।
- फोटो : BAHRAICH
कतर्नियाघाट (बहराइच)। आंबा गांव में शनिवार की देर रात जंगल से निकल कर आए जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर तांडव मचाया। गेहूं की फसल को रौंद दिया। हाथियों के चिंघाड़ से ग्रामीण दहशत में रहे। बढ़ते उत्पात को देखते हुए ग्रामीणों ने पीपा पीटा और पटाखे दागे। उसके बाद हाथी जंगल की ओर रवाना हुए।
कतर्नियाघाट रेंज के ग्रामसभा आंबा में आए दिन जंगली हाथी उत्पात मचा रहे है। हाथियों ने पिछले दो महीनों में करीब एक दर्जन किसानों के घर व कई बीघा फसल को बर्बाद किया है। शनिवार की रात एक बार फिर जंगली हाथियों का झुंड आंबा गांव पहुंचा। यहां के निवासी कोशा की दो बिस्वा गेहूं की फसलों को तहस नहस कर दिया।
हाथियों की चिंघाड़ सुनकर गांव के लोगों ने पूरी रात हांका लगाकर अपनी फसलों को किसी तरह से बचाया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का उत्पात आबादी की ओर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसकी सुरक्षा को लेकर वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। वहीं जब इस संबंध में कतर्नियाघाट रेंजर राम कुमार से बात करने का प्रयास किया गया तो फोन पहुंच से बाहर बता रहा है।