कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के भवानीपुर गांव में हाथियों ने रौंदी धान की फसल।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के भवानीपुर गांव में शनिवार देर रात जंगली हाथी पहुंच गए। इस दौरान हाथियों ने खेत में लगी दो बीघा धान की फसल को रौंद कर तहस-नहस कर दिया। ग्रामीणों के ढोल पीटने पर हाथी जंगल की ओर चले गए। सूचना पाकर पहुंचे वनकर्मियों ने मौका मुआयना किया है। जांच के बाद मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे गांवों में नेपाल से आए जंगली हाथियों का उत्पात शुरू हो गया है। शनिवार देर रात जंगल से निकला तीन हाथियों का झुंड भवानीपुर गांव में पहुंच गया। हाथियों ने गांव निवासी जगदीश पुत्र भिक्खू की दो बीघा धान की फसल को रौंद दिया। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ढोल, पीपा और थाली बजाते हुए हाथियों को भगाया। शोर सुनकर हाथी जंगल की ओर चले गए। ग्रामीणों ने हाथियों के हमले की सूचना रेंज कार्यालय पर दी। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव ने बीट इंचार्ज यमुना विश्वकर्मा को मौके पर भेजा। वनकर्मी ने मौके का मुआयना किया है। जांच के बाद मुआवजा देने की बात कही है।