कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के कारीकोट में हाथियों ने रौंदी धान की फसल।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। कारीकोट गांव में बुधवार की रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। खेतों में खड़ी फसल को हाथियों ने तहस-नहस कर दिया है। लगभग एक एकड़ फसल का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के मशाल जलाकर हांका लगाने के बाद हाथियों का झुंड जंगल में चला गया। ग्रामीणों ने नुकसान की सूचना वन विभाग को दी है, लेकिन अभी तक मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू नहीं की गई है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के जंगली इलाकों में इन दिनों हाथियों ने उत्पात मचा रखा है। जंगली हाथियों की ओर से आबादी के इलाकों का रुख किया जा रहा है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। बुधवार की रात करीब 10 जंगली हाथियों का झुंड निशानगाड़ा रेंज के कारीकोट गांव पहुंच गया।
यहां गांव के बाहर खेत में घुसे हाथियों के झुंड ने गांव निवासी सावित्री देवी पत्नी शिव बंश की लगभग एक एकड़ फसल को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। इससे खेत में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। हाथियों के खेत में उत्पात मचानेे की सूचना पर गांव के लोग एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने मशाल जलाकर हाथियों को भगाने के लिए हांका लगाना शुरू किया। इसके बाद देर रात हाथियों का झुंड जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन दरोगा कबीरुल हसन ने हाथियों के आने की पुष्टि की है। ग्रामीणों को मुआवजा देने के लिए प्रार्थना पत्र भी लिया है। वन दरोगा ने ग्रामीणों ने सतर्क रहने की सलाह दी है।