बहराइच। कोतवाली देहात की पुलिस और स्वाट टीम ने बेड़नापुर के इमलिया चौराहे के पास बुधवार की रात मवेशी तस्करों के अंतर जनपदीय गिरोह को पकड़ लिया। मौके से पांच तस्कर दबोचे गए हैं। इनके पास से आगरा और गाजियाबाद से चोरी किए गए दो वाहन बरामद हुए हैं। साथ ही तमंचा और कारतूस के साथ नकदी भी मिली है। पकड़े गए तस्करों के गिरोह के सरगना मुनीर के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी जयनारायण शुक्ला रात में टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बेड़नापुर गांव के पास इमलिया चौराहे के निकट दो वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उनको रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों में सवार भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने तस्करों को दौड़ाकर दबोच लिया।
इस दौरान तस्करों में मैनपुरी जिले के थाना धिरौर के नगला खैरी निवासी मुनीर, कानपुर देहात के थाना महाराजपुर के मदारीखेड़ा निवासी घूरे, फिरोजाबाद के थाना फरिया अंतर्गत ईखू गांव निवासी सरवर, कानपुर देहात के हाथीपुर निवासी बज्जू और फिरोजाबाद के ईखू निवासी जान मोहम्मद उर्फ संजय को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी नगर अजय प्रताप ने बताया कि तस्करों के पास से आगरा और गाजियाबाद से चुराई दो पिकअप बरामद हुईं। इनके पास से तमंचा व दो कारतूस और 1500 रुपये भी मिले। एएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान क्षेत्र से मवेशियों की चोरी कर बेचे जाने की भी बात स्वीकार की है।
गिरोह के सरगना मुनीर पर दर्ज हैं 13 मामले
एएसपी नगर अजय प्रताप ने बताया कि पूछताछ के दौरान मवेशी तस्करों के गिरोह के सरगना मुनीर ने स्वीकार किया है कि उसके खिलाफ जनपद फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़, मक्खनपुर, रामगढ़, सिरसागंज, टुंडला और कानपुर देहात के थाना अकबर क्षेत्र में मवेशी चोरी के 13 मुकदमे दर्ज हैं। सरवर के खिलाफ भी फिरोजाबाद जिले में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।
रेकी कर वारदात को देते थे अंजाम
स्वाट टीम प्रभारी जेएन शुक्ला व अपराध निरीक्षक नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की ओर से क्षेत्र के गांवों में जाकर पहले मवेशियों की रेकी की जाती थी। इसके बाद वाहन को गांव के बाहर खड़ा कर तस्कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। बाद में मवेशियों को क्षेत्र के बाजारों में ले जाकर बेच दिया जाता था।