बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट जंगल में लखनऊ से पर्यटकों का एक दल घूमने आया था। सोमवार को सुबह नौ सदस्यीय पर्यटकों का दल दो जिप्सी पर सवार होकर कतर्नियाघाट के सैर सपाटे को निकला था। इसी दौरान करीब 15 नेपाली हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर बंधे पर आ धमका।
सामने हाथियों की चिंघाड़ से सभी पर्यटक दहशत में आ गए। जंगली हाथियों को अपनी ओर आता देख कर जिप्सी से कूदकर पर्यटकों ने अपनी जान बचाई। दोनों वाहनों को हाथियों के झुंड ने घेर लिया। इसके बाद हाथी वाहन को सूंड से पलटने की कोशिश करते रहे। हालांकि हाथियों के झुंड के जंगल में वापस लौटने पर पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग को पर्यटन के लिए 15 नवंबर से खोला गया है। इसके बाद से यहां पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी है। दो दिन पूर्व लखनऊ से पर्यटक हर्ष कुमार त्रिपाठी, विवेक तिवारी, नदीम अहमद, अखिलेश श्रीवास्तव, सरजू यादव, संजय शरन, अशोक शुक्ला, नितिन त्रिपाठी, विकास सिंह कतर्निया जंगल में घूमने के लिए आये थे।
सभी पर्यटक ककरहा वन्य विश्राम गृह में ठहरे हुए थे। पर्यटकों का कतर्नियाघाट घूमने का मन किया। इस पर सोमवार को सुबह जंगल सफारी की दो जिप्सी पर सवार होकर सभी पर्यटक जंगल के सैर-सपाटे को निकल पड़े। इस दौरान जैसे ही वे सभी कतर्नियाघाट से जंगल के बीच गुजरने वाले बंधे पर पहुंचे, तभी अचानक करीब 15 नेपाली हाथियों का झुंड बंधे पर आ धमका।
हाथियों की चिंघाड़ से सभी पर्यटक दहशत में आ गए। हाथियों को अपनी ओर आता देख गाड़ी के गाइड समेत सभी पर्यटकों ने कूद कर जंगल में दौड़ लगा दी। इसके बाद नेपाली हाथियों का झुंड सभी पर्यटकों को जंगल में भी दौड़ाता रहा। पर्यटकों के अनुसार हाथी काफी आक्रामक हो गये थे। हाथी सूंड़ से जिप्सी को पलटने का भी प्रयास कर रहे थे। दोनों वाहनों को हाथियों के झुंड ने घेर लिया था। किसी तरह जब हाथी जंगल की ओर वापस लौटे, तब पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
सुरक्षा के इंतजाम न होने से जताई नाराजगी
पर्यटकों के दल ने कहा कि वन विभाग की ओर से जंगल सफारी के वाहनों का पैसा लिया जाता है। लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होते हैं। इसे लेकर पयर्टकों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कम से कम एक हथियार बंद वनकर्मी पर्यटकों के साथ जरूर भेजा जाना चाहिए, जिससे आपात स्थिति पर काबू पाया जा सके।
जंगल में दिख रहे हैं हाथी
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग नेपाल के रॉयल वर्दिया से सटा हुआ है। ऐसे में नेपाल के हाथियों का झुंड अक्सर यहां आता रहता है। नेपाली हाथियों का झुंड देखा जा रहा है। ऐसे में जंगल में घूमने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
- पीयूष मोहन श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी
बहराइच के कतर्नियाघाट में बंधे के पास पर्यटकों के दल पर हमला करते नेपाली हाथी।- फोटो : BAHRAICH