बहराइच। रानीपुर थाना क्षेत्र के अचौलिया गांव में अवैध संबंध के शक में पति ने बांके से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी पति को बांके के साथ पुलिस ने हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के अचौलिया गांव निवासी ननके का अपनी पत्नी क्रांति देवी से आए दिन चाल-चलन को लेकर विवाद हुआ करता था। शुक्रवार देर रात भी दोनों में अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद हुआ। रात में विवाद खत्म हुआ, लेकिन शनिवार की सुबह ही करीब पांच बजे पति व पत्नी के बीच फिर से झगड़ा होने लगा।
इसी बीच गुस्साए ननके ने पास में ही रखे बांके से पत्नी का गला रेत दिया। मौके पर ही पत्नी की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रानीपुर थानाध्यक्ष चौथीराम यादव ने बताया कि आरोपी पति ननके को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी विपिन मिश्रा ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए पुलिस गश्त को बढ़ा दिया गया है।
मां को ढूंढ रहे छोटे बच्चे
ननके के घर में बूढ़े मां-बाप व चार बच्चे हैं। पत्नी की मौत के बाद पति को पुलिस पकड़ ले गई। अब घर में चार छोटे-छोटे बच्चे अपनी मां को रो-रोकर ढूंढ रहे हैं। मां-बाप की उम्र अधिक होने के कारण बच्चों को संभालना बहुत मुश्किल हो रहा है। अब बच्चों की सही देखभाल करने के लिए भी कोई नहीं बचा।