बहराइच। घरेलू हिंसा की पुलिस से शिकायत करने जा रही गर्भवती महिला को उसके पति ने कोतवाली गेट के चंद कदम की दूरी पर इस कदर पीटा कि उसका गर्भपात हो गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी नानपारा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र के ग्राम कोटवा निवासी शांति देवी छह माह की गर्भवती थी। पति सूबेदार आए दिन उसे पीटता था। आरोप है जेठ के इशारे पर पति उसकी पिटाई करता था। प्रताड़ना से तंग आकर शांति कोतवाली नानपारा में शिकायत करने के लिए घर से निकली थी। वह कोतवाली से चंद कदम दूरी पर ही पहुंची थी कि उसका पति सूबेदार वहां पहुंच गया और उसे सरेराह लात-घूसों से पीटने लगा। इससे शांति का गर्भपात हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद पति मौके से भाग गया। घटना कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। राहगीरों ने लहूलुहान पीड़िता को तत्काल सीएचसी नानपारा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। कोतवाल नानपारा हर्षवर्द्धन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पति समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य की तलाश की जा रही है।