गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य, शिक्षा और गेहूं खरीद की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी ने रिसिया क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान बंगलाचक गेहूं क्रय केंद्र पर प्रभारी गेहूं खरीद की सही जानकारी नहीं दे सके। इस पर उन्हें तत्काल निलंबित करने का आदेश डीएम ने दिया। इसके बाद रिसिया सीएचसी में व्यवस्थाएं जांचते हुए चिकित्साधीक्षक द्वारा एक महिला कर्मी के पति को पीटने के मामले की भी जांच की।
डीएम अजयदीप सिंह बीएसए डॉ. अमरकांत सिंह, सीएमओ डॉ. अरुणलाल और डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार के साथ रिसिया क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। इस दौरान डीएम पहले आश्रम पद्धति विद्यालय रिसियामोड़ पहुंचे। यहां पर साफ-सफाई व्यवस्था और दुरुस्त करने का आदेश दिया।
रिसिया सीएचसी जाते समय रास्ते में बंगलाचक गेहूं क्रय केंद्र पर डीएम रुक गए। उन्होंने क्रय केंद्र पर गेहूं तौल की स्थिति जांचते हुए प्रभारी सुरेश सिंह से गेहूं खरीद का ब्यौरा मांगा, लेकिन सुरेश सिंह कोई ब्यौरा नहीं दे सके। इस पर सुरेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश डिप्टी आरएमओ को दिया। डीएम ने रिसिया सीएचसी केंद्र में अभिलेख और परिसर का मुआयना किया।
फिर बंद कमरे में चिकित्सक और कर्मियों से बातचीत करते हुए बीते सप्ताह चिकित्साधीक्षक संदीप मिश्रा द्वारा महिला कर्मी के पति पर किए गए हमले के मामले में पूछताछ की। सीएमओ को समुचित जांच कर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।