तेजवापुर(बहराइच)। ग्राम पंचायत कौड़हा के मजरा बारह बीघा निवासी ओमकार (25) की बृहस्पतिवार को करंट लगने से मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ओमकार की शनिवार को शादी होनी थी। मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया है।
बौंडी क्षेत्र के बारह बीघा निवासी ओमकार के घर का फ्रिज का बोर्ड खराब हो गया था। बृहस्पतिवार को ओमकार बोर्ड सही कर रहे थे। इस दौरान वो करंट की चपेट में आ गए। परिजनों ने उन्हें आनन-फानन मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया।
शादी की चल रही थीं तैयारियां
ओमकार की शनिवार को शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बरात में जाने के लिए कई रिश्तेदार घर आ गए थे। परिजनों ने बताया कि युवक की शादी श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर में तय थी। मौत से खुशियां गम में बदल गईं। मौत की सूचना से मां रामवती बेहोश हो गईं। पिता विक्रम भी अपने आंसुओं को नहीं रोक पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि युवक तीन भाई थे। जिसमें भारत सिंह बड़े, धर्मवीर दूसरे और ओमकार सबसे छोटे थे। ओमकार की राजा रेहुआ के टॉवर चौराहे पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी।