बहराइच। एल्डर कमेटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव कार्यक्रम की तिथियों की घोषणा कर दी। अधिवक्ता संघ के 22 पदों पर 12 नवंबर को मतदान व इसी दिन शाम चार बजे से मतगणना होगी।
दीवानी न्यायालय के सभागार में शुक्रवार को एल्डर कमेटी व अधिवक्ता संघ के मौजूदा पदाधिकारियों की बैठक कमेटी के चेयरमैन अवधेश रमन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि अधिवक्ता संघ के चुनाव कार्यक्रम की तिथियां तय कर दी गई हैं। चुनाव में नामांकन दाखिल करने का कार्य तीन व चार नवंबर को सुबह 11 से तीन बजे तक किया जाएगा।
नामांकन पत्रों की जांच छह नवंबर को सुबह 11 से एक बजे तक होगी। नाम वापसी सात नवंबर को सुबह 10 से तीन बजे की जाएगी, जबकि संघ के चुनाव में मतदान 12 नवंबर को सुबह 10 से तीन बजे तक होगा। मतगणना का कार्य भी उसी दिन शाम चार बजे से शुरू होगा। वहीं गवर्निंग काउंसिल के पदों पर मतगणना का कार्य 13 नवंबर को होगा। परिणामों की घोषणा 14 नवंबर को होगी।
चेयरमैन ने बताया कि चुनाव में अगर गवर्निंग काउंसिल के पदों पर एक ही प्रत्याशी नामांकन करेगा, तो इन पदों की मतगणना नहीं कराई जाएगी और परिणामों की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी।