बहराइच। मतदाता जागरूकता दिवस पर सोमवार को जिले भर में जागरूकता रैली और गोष्ठियां हुईं। इसके जरिए लोगों को मतदान के लिए शपथ दिलाई गई व लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक-एक वोट की कीमत समझाई गई।
स्कूल, कॉलेज व प्रशासन की तरफ से निकाली गई जागरूकता रैली में शहर के बुद्धिजीवी, समाजसेवी व प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर जागरूक मतदाता होने का परिचय दिया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता जागरूकता गोष्ठी हुई। अपर जिलाधिकारी विद्याशंकर सिंह ने इस मौके पर सभी मतदाताओं से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव होने पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मताधिकार का उपयोग कर अपनी पसंद के मुताबिक बेहतर प्रतिनिधियों का चयन किया जा सकता है।
नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय ने सभी युवाओं और मतदाता बनने की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से सम्मिलित कराकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मदद करें।
सीआरओ, एसडीएम जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह ने भी मताधिकार के प्रति जागरूक किया।
गोष्ठी के बाद अपर जिलाधिकारी ने मौजूद सभी लोगों को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए मताधिकार की शपथ दिलाई। इस मौके पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसी तिवारी, क्षेत्राधिकारी वन रूस्तम परवेज आदि मौजूद रहे।
इसके बाद प्रभारी जिलाधिकारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल विभिन्न स्कूलों के छात्र जागरूकता स्लोगन की तख्तियां हाथ में लिए हुए थे।
एक वोट से होती हार, वोट की कीमत समझो यार, जागरूक मतदाता जागो, अपना अधिकार पहचानो के नारे छात्राओं ने लोगों को मतदान के प्रति सजग कर रहे थे। यह रैली घंटाघर चौराहे पर पहुंच कर समाप्त हुई।
ग्रामीण अंचलों में भी रही मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की धूम
महसी में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर जन जागरूकता रैली नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र की अगुवाई में निकली। रैली में राम-रहीम इंटर कॉलेज के छात्र भी शामिल हुए।
समापन मौके पर सभी को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने उत्सुकता के साथ मतदान के लिए प्रेरित किया। नानपारा में जनता इंटर कालेज, जेपी गर्ल्स इंटर कालेज, श्री शंकर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एसडीएम अमिताभ यादव की अगुवाई में जागरूकता रैली निकाली।
रैली तहसील कार्यालय परिसर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। इस मौके पर जेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज व सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया।
संचालन प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ला ने किया। उधर, पयागपुर तहसील परिसर में मतदाता जागरूकता गोष्ठी हुई। तहसीलदार शिवध्यान पांडेय ने शत-प्रतिशत मतदान पर बल दिया। इसके बाद स्कूली बच्चों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई।