सड़क पर उतरे सुजौली गांव के लोग, हाथों में तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन।
बहराइच/बाबागंज। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली संकट से परेशान सुजौली गांव के ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने तहसील नानपारा मुख्यालय पहुंचकर हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल उत्तम कुमार, रिजवान, अनवर, हासिम, सफीक, जुबेर, सादाब, इमरान, शकील और अकबाल आदि ने कहा कि क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं के कारण लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का समय से समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के नाम पर अवैध धन की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया।
ग्रामीणों के मुताबिक सुजौली गांव की आबादी पांच हजार से अधिक है। गांव में बड़ी संख्या में बिजली कनेक्शन होने के बावजूद आबादी और कनेक्शनों के अनुरूप क्षमता वाला ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। मौजूदा व्यवस्था पर अधिक भार पड़ने से बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने सुजौली में 63 केवी का बड़ा ट्रांसफार्मर लगवाने के साथ ही जर्जर तार, इंसुलेटर और केबल समेत अन्य बिजली संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पावर कार्पोरेशन के अधिशासी अभियंता को मांगपत्र सौंपते हुए आपूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने की मांग की।