जरवलरोड (बहराइच)। धनसरी-गोंदौरा कच्चे मार्ग को एक भट्ठा मालिक ने खोदवाकर अपने कब्जे में ले लिया था। इससे ग्रामीणों का रास्ता बंद हो गया था।
एसडीएम से शिकायत करने पर भट्ठा मालिक ने सड़क पटान करवाने का आश्वासन दिया लेकिन वादा पूरा नहीं किया और ऊपर से सोमवार दोपहर भट्ठे के सैकड़ों मजदूर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ पहुंचकर सड़क की खोदाई करने लगे।
इसकी सूचना मिलने पर गांव के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर आ धमके। हमला कर जेसीबी को क्षतिग्रस्त कर दिया। मजदूरों को भी खदेड़ लिया। बवाल होते-होते बचा।
जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा परसोहर में धनसरी गोंदौरा कच्चा मार्ग बदलू पुरवा स्थित भट्ठे के निकट से गुजरता है।
दो दिन पूर्व भट्ठा मालिक ने सड़क को अपनी जमीन का हिस्सा बताते हुए उसकी खोदाई करवा दी थी। इससे गांव के लोगों का रास्ता बंद हो गया था।
ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने भट्ठा मालिक से वार्ता की थी। उसने सड़क की फिर पटान कराने का आश्वासन दिया था। इस पर ग्रामीण शांत हो गए लेकिन भट्ठा मालिक ने सड़क की पटान नहीं करवाई।
सोमवार को धनसरी और गोंदौरा के ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने स्वयं मार्ग को पाटना शुरू कर दिया। भट्ठा मालिक को खबर मिलते ही वह सैकड़ों समर्थकों व जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंच गए और जेसीबी से ग्रामीणों द्वारा पाटी गई सड़क की खोदाई शुरू करवा दी।
इसकी सूचना गांव के जब अन्य लोगों को हुई तो सभी लाठी डंडों से लैस होकर मौके पर आ धमके। मजदूरों ने मारपीट करने का प्रयास किया तो उन्हें भी खदेड़ लिया।
गौरतलब हो कि इस मार्ग की भट्ठा मालिक द्वारा खोदाई करवाई गई, उस मार्ग के बगल में भट्ठा मालिक की लगभग सात बीघे जमीन है इसके चलते भट्ठा मालिक मार्ग पर भी अपना कब्जा जता रहा है।