शिवपुर। ग्राम पंचायत दलजीतपुरवा बख्तावर गांव में जंगली सूकर के शिकार की सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर मंगलवार को ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में वन दरोगा शाहिद जमाल और वाचर दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मोतीपुर रेंज के वन दरोगा शाहिद जमाल ने बताया कि सुबह लगभग 10 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग जंगली सूकर का शिकार कर रहे हैं। इस पर वे वाचर दीपक के साथ मौके पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अचानक लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में वाचर दीपक को गंभीर चोटें आईं, जबकि दरोगा शाहिद जमाल भी घायल हो गए, हमलावरों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया।
घटना की जानकारी वन कर्मियों ने तुरंत थाने को दी। प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए वन दरोगा की तहरीर पर गांव के 10 लोगों को नामजद और आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है। घटना के बाद से सभी भागे हुए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।