मोतीपुर (बहराइच)। झाला गांव में एक ग्रामीण मवेशियों को घास चराकर वापस आ रहे थे। तालाब में मगरमच्छ दिखने पर मवेशी भागने लगे। इसी बीच मवेशियों के बीच दलदल में फंसे ग्रामीण की पानी में डूबकर मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाला निवासी मुंशी लाल यादव (55) ने मवेशी पाल रखे थे। प्रतिदिन की तरह सोमवार को मवेशियों को घास चराने सिंगहिया गांव के निकट चफरा तालाब पार कर गए थे।देर शाम वापस आते समय तालाब में मवेशियों को मगरमच्छ दिखा। जिसपर मवेशी भागने लगे। इसी दौरान मवेशियों को एकसाथ करने के चक्कर में मुंशी लाल दलदल में फंस गए।
तालाब के पानी में मवेशियों की भगदड़ में वह दब गए। जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। गांव के लोगों के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। लेकिन परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया। चौकी इंचार्ज दिवाकर तिवारी ने बताया कि परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मौके पर पहुंच कर जांच की गई है।