बहराइच मेडिकल कॉलेज के महिला विंग का निरीक्षण करतीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष।
बहराइच। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष उपमंत्री चारू चौधरी ने मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान महर्षि बालार्क चिकित्सालय के एमसीएच विंग का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में महिलाओं को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं और सुविधाओं के साथ साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने अल्ट्रासाउंड कक्ष, टीकाकरण कक्ष, ओटी, ओपीडी, आईसीयू, पीएनसी, एफएनक्यू और केएमसी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर पैथोलॉजी और ब्लड बैंक की व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने मौजूद चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, मरीजों और तीमारदारों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। श्रीमती चौधरी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके वर्मा और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाली महिलाओं को शासन की सभी अनुमन्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई पर संतोष जताते हुए इसे इसी स्तर पर बनाए रखने को कहा।