बहराइच। वन्यजीव प्राणि सप्ताह के अंतिम दिन बुधवार को फल महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें पर्यटकों के लिए मौजूद हथिनी जयमाला और चंपाकली को तरह-तरह के फल खिलाए गए। इसके साथ ही वन्यजीव प्राणि सप्ताह का समापन हुआ।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन्यजीव प्राणि सप्ताह मनाया जा रहा है। बुधवार को कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब की ओर से फल महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें हथिनी जयमाला और चंपाकली को वनाधिकारियों और फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने फल खिलाया। क्लब के अध्यक्ष भगवानदास लखमानी ने बताया कि हथनियों को 10 दर्जन केला, पांच किलो सेब व पांच किलो गुड़ खिलाया गया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी यशवंत सिंह, सहायक वन संरक्षक ज्ञान सिंह, डॉ. सर्वेश राय ने भी हथिनी को फल खिलाया। इसके साथ ही सात दिनों तक चलने वाले वन्यजीव प्राणि सप्ताह का समापन हो गया। इस दौरान क्लब के सदस्य अमन लखमानी, मिथिलेश जायसवाल, रामशेर यादव, महावत मुहर्रम अली, विनोद, इरशाद अली समेत अन्य मौजूद रहे।