माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल शुक्रवार को दोपहर में घोषित हुआ। परीक्षा परिणाम जानकर जिले के मेधावी खुशी से उछल पड़े। जिले का परीक्षाफल 91 फीसदी रहा। बाल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज की हाईस्कूल की छात्रा वैष्णवी पाठक 90.8 अंक अर्जित कर जिले में अव्वल रहीं।
वहीं, रामनरायन खजुरी इंटर कॉलेज पयागपुर की इंटरमीडिएट की छात्रा गरिमा त्रिपाठी ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। परीक्षाफल जानने के लिए दोपहर से शाम तक साइबर कैफे पर छात्रों की भीड़ उमड़ती रही। किसी ने मिठाई खिलाकर तो किसी ने माला पहनाकर खुशी का इजहार किया। मेधावियों के घर पर जश्न का माहौल रहा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शुक्रवार दोपहर में एक साथ घोषित हुआ। परीक्षाफल देखने के लिए परीक्षार्थी साइबर कैफे पर उमड़ पड़े। हर छात्र अपना परीक्षाफल जानने के लिए उत्सुक दिखा, लेकिन सर्वर डाउन होता रहा, जिससे छात्र बेचैन रहे। हालांकि करीब एक बजे जब कंप्यूटर स्क्रीन पर परीक्षा परिणाम आने लगे तो परीक्षाफल देख छात्र खुशी से उछल पड़े।
रामप्रकाश इंटर कॉलेज पयागपुर, बिंदेश्वरी प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज राजीचौराहा, बाल शिक्षा निकेतन, सैनिक इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, एकेएस पब्लिक स्कूल, सरस्वती इंटर कॉलेज रिसिया, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कमलादेवी पब्लिक इंटर कॉलेज, सर सैयद गर्ल्स इंटर कॉलेज, पायनियर ग्रुप ऑफ स्कूल्स, महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज कैलाशनगर, सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 37207 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 7222 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 30038 परीक्षार्थियों ने इम्तिहान दिया। जबकि इंटरमीडिएट में 27466 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 3846 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। 23620 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। 91 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में बाल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज की छात्रा वैष्णवी पाठक ने 90.8 प्रतिशत अंक के साथ ए1 ग्रेड हासिल किया। वह जिले में अव्वल रही। वहीं, रामनरायन खजुरी इंटर कॉलेज पयागपुर की इंटरमीडिएट की छात्रा गरिमा त्रिपाठी ने 93.6 अंक हासिल कर जिले में टॉपर की सूची में नाम दर्ज कराया।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में इस बार विज्ञान और गणित वर्ग के छात्रों ने बाजी मारी है। मेधावी अपना परीक्षा परिणाम देख खुशी से उछल पड़े।