बहराइच। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण आज से शुरू होगा। जिसमें फ्रंट लाइन के कर्मचारियों को टीकाकरण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज समेत 13 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य होगा। इसके लिए देर शाम को संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन की खेप भेज दी गई है। 15 फरवरी को पहले चरण में टीका लगवाने वाले कोरोना योद्धाओं को दूसरी डोज लगाई जाएगी।
कोरोना महामारी पर अंकुश के लिए वैक्सीनेशन का कार्य चल रहा है। प्रथम चरण में कोरोना योद्धाओं को टीके लगाए गए थे। वहीं दूसरे चरण में फ्रंट लाइन कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य सूचना व शिक्षा अधिकारी आरके त्यागी ने बताया कि गुरुवार को 24 सत्र में 2964 फ्रंट लाइन कर्मियों को टीकाकरण किया जाएगा। जबकि 12 फरवरी को 23 सत्र में 2914 लोगों को टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को 22 सत्रों में 2803 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इस प्रकार से कुल 8,681 फ्रंट लाइन कर्मियों को वैक्सीन लगाई जानी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर वैक्सीन की खेप भेज दी गई है। सुबह से वैक्सीनेशन का कार्य शुरू हो जाएगा। साथ ही कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिन्हें वैक्सीन लगेगी, उन्हें मेसेज द्वारा जानकारी भेज दी गई है। डॉ. वर्मा ने बताया कि सभी फ्रंट लाइन कर्मी समय से पहुंचकर वैक्सीन लगवाएं।
वैक्सीन व कोल्ड मैनेजर अनिल कुमार मौर्या ने बताया कि वैक्सीनेशन का दूसरा चरण गुरुवार से होगा। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित ट्रॉमा सेंटर, जिला महिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, नानपारा सीएचसी, जरवल, शिवपुर में, नवाबगंज, पयागपुर, कैसरगंज, चित्तौरा, महसी, मिहींपुरवा और रिसिया में वैक्सीनेशन का कार्य होगा।
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 13 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य होगा। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हैं। संबंधित अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। औचक निरीक्षण कर वैक्सीनेशन पर नजर रखी जाएगी। सभी फ्रंट लाइन कर्मी टीका लगवाएं। घबराने की जरूरत नहीं है।