नानपारा (बहराइच)। कोतवाली परिसर में मंगलवार को क्षेत्र के धर्मगुरुओं की बैठक हुई। जिसमें उपजिलाधिकारी व सीओ ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं को सोशल डिस्टेंस का पालन कराने, एकसाथ पांच से अधिक लोगों को धार्मिक स्थल में प्रवेश न देने समेत अन्य निर्देश बताए।
कोतवाली नानपारा परिसर में मंगलवार को उपजिलाधिकारी रामआसरे वर्मा तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण चंद्र की संयुक्त अध्यक्षता में लॉकडाउन के अनुक्रम में शासन द्वारा जारी गाइड लाइन के बारे में बैठक हुई। बैठक में नगर के मस्जिद और मंदिरों के पुजारियों और व धर्मगुरु शामिल हुए।
संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी रामआसरे वर्मा ने धार्मिक स्थलों में पूजा पद्धति की नई गाइडलाइन के बारे में पुजारियों को अवगत कराया। साथ ही मस्जिद में नमाज के लिए धर्मगुरुओं को बताया। एसडीएम ने शासन द्वारा दिए गए निर्देश में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने की बात कही।
सीओ अरुण चंद्र ने कहा कि मस्जिद या मंदिर में एकसाथ पांच से अधिक लोग प्रवेश न करें। सभी मॉस्क लगाकर ही धार्मिक स्थल के साथ सार्वजनिक क्षेत्र में प्रवेश करें। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान ने कहा कि सरकार के नियम कोई न तोड़े। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मौलाना जफर कमाल, मौलाना मोइनुद्दीन कादिरी, मौलाना हुसैन रजा, मौलाना शाहिद कासिम और पुजारी प्रेमनाथ दीक्षित, प्रह्लाद पाठक, बाल शंकर पाठक, जगतराम पटेल आदि लोग मौजूद रहे।