महिला की मौत पर हंगामे के बाद परिजनों से जानकारी लेती पुलिस।
बहराइच। थाना रामगांव के मुबारकपुरवा गांव निवासी एक महिला की सोमवार को शहर के एक नर्सिंगहोम में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने महिला का शव नर्सिंगहोम के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया।
गांव निवासी गुलजारा (45) की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। परिजनों के अनुसार सोमवार को उन्हें शहर लाकर सिविल लाइंस स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। परिवार के शरीफ ने बताया कि चिकित्सक ने उपचार के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये जमा कराए, लेकिन इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई। उनका यह भी आरोप है कि चिकित्सकों ने मौत की जानकारी देने के बजाय महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे लखनऊ रेफर करने की बात कही।
हकीकत पता चली तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे नर्सिंगहोम में मौजूद चिकित्सक व अन्य कर्मचारी भाग निकले। सिविल लाइंस चौकी प्रभारी अजेश कुशवाहा ने नर्सिंगहोम पहुंचकर परिजनों को समझाया। इसके बाद परिजन महिला का शव लेकर घर चले गए। पुलिस का कहना है कि परिजन तहरीर देते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नर्सिंगहोम में हंगामे के चलते अस्पताल चौराहा-पानी टंकी मार्ग पर आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।