सुजौली के जूनियर व प्राथमिक विद्यालय परिसर में कोटे के चयन के दौरान मौजूद लोग व पुलिस।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। सुजौली गांव में कोटे की दुकान रिक्त चल रही थी। दो बार खुली बैठक कराई गई मगर हंगामे के कारण कोटेदार का चुनाव नहीं हो सका। इस बार शनिवार को हुई खुली बैठक में फिर से प्रत्याशियों के समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए हंगामे का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर तैनात पांच थानों की पुलिस ने स्थिति को काबू किया। इसके बाद हुए चुनाव में गुंजा देवी ने 995 वोट पाकर जीत हासिल की।
विकास खंड मिंहीपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजौली का कोटा निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद कोटे की दुकान को दूसरे गांव से संबद्ध किया गया था। कोटे की दुकान के चुनाव के लिए दो बार खुली बैठक बुलायी गयी थी, मगर हंगामे के चलते कोटेदार का चुनाव नहीं हो सका। शनिवार को एक बार फिर कोटेदार के चुनाव के लिए जूनियर विद्यालय में खुली बैठक बुलाई गयी। करीब दो हजार से अधिक लोग बैठक में शामिल हुए।
भीड़ को देखते हुए सुजौली, मुर्तिहा, मोतीपुर, रूपईडीहा और नवाबगंज की फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। बैठक शुरू होते ही कुछ प्रत्याशियों के समर्थकों ने हंगामा करने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। इसके बाद प्रत्याशी गुंजा देवी, ममता और शीला ने नामांकन जमा किए तथा चुनाव कराया गया। इसमें गुंजा देवी ने 995 मत पाकर जीत हासिल की।
दूसरे नंबर पर रहीं ममता देवी को 928 और शीला देवी को 722 मत ही हासिल हुए। चुनाव अधिकारी एडीओ लक्ष्मण प्रसाद गौड़ ने उनको जीत का प्रमाण पत्र दिया। इस मौके पर सुजौली के प्रभारी निरीक्षक रामजी सिंह, अशोक कुमार, विजय शर्मा, वीरपाल, रामसजीवन आदि मौजूद रहे।