धारदार हथियार से हमला किया गया
गंभीरवा चौकी क्षेत्र के मुरावन पुरवा निवासी साबित अली (50) के परिवार का गांव के ही जुनाब अली के परिवार से खेत को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। इसमें साबित अली, उनके भाई ताहिर (55) और मां सइफन (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने साबित अली को मृत घोषित कर दिया। ताहिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि सइफन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा
घायलों के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं अर्शिया बेगम ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।
महसी के पुलिस क्षेत्र अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सुबह खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी मामले की जांच कर रहे हैं।आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।