बहराइच में ईंट भट्ठे पर रहने वाले पति-पत्नी को कमरे में घुसे जहरीले सांप ने काट लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक छा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
बहराइच में दरगाह क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले पति-पत्नी की सोमवार सुबह सर्पदंश से मौत हो गई। दोनों रविवार की देर रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। सर्पदंश के बाद मजदूरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान दंपती की मौत हो गई।
विज्ञापन
मोतीपुर क्षेत्र के ग्राम खड़रिया निवासी सुनील (26) अपनी पत्नी सपना (25) के साथ दरगाह क्षेत्र स्थित कल्पीपारा में एक ईंट भट्ठे पर कार्य करते थे। भट्ठे पर ही बने एक कमरे में दंपती रहते भी थे। रविवार की रात काम खत्म होने के बाद सपना व सुनील ने एक साथ बैठ कर खाना खाया।
इसके बाद दोनों सोने के लिए कमरे में चले गए। सोमवार की सुबह मजदूरों ने सुनील के कमरे से चिल्लाने की आवाजें सुनीं। इस पर वहां मौजूद मजदूर कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक विषैले सर्प ने सुनील के हाथ में व सपना के गले में काट लिया है।
विज्ञापन
दोनों की हालत बिगड़ती देख मजदूर उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इलाज के दौरान कुछ ही देरी के अंतराल पर दोनों की मौत हो गई। चिकित्सकों ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंपती की मौत होने की सूचना उनके गांव पहुंचते ही गांव में भी शोक का माहौल है।