विशेश्वरगंज। पुरैना बाजार में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार शाम आरआर हॉस्पिटल एंड मेडिकल सेंटर पर छापा मारा। जांच में अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित पाया गया, इसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया। जांच टीम का नेतृत्व एडिशनल सीएमओ अनुराग वर्मा और डॉ. अब्दुल बारी ने किया।
टीम ने मौके पर मौजूद स्टाफ से अस्पताल के आवश्यक अभिलेख और पंजीकरण प्रमाणपत्र मांगे, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
इनमें स्वच्छता मानकों की अनदेखी, दवाओं का अनुचित भंडारण और अनधिकृत चिकित्सा उपकरणों का प्रयोग प्रमुख रूप से पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बिना पंजीकरण के किसी भी अस्पताल या क्लीनिक का संचालन कानूनन अपराध है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में ऐसे अन्य संस्थानों के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की जाए।