रुपईडीहा में नेपाल बाॅर्डर पर चेकिंग करते पुलिस व एसएसबी के जवान। -संवाद
बहराइच/रुपईडीहा। दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके के बाद भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सीमा पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुली सीमा होने के कारण एसएसबी और पुलिस ने सीमा क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि अभी गृह मंत्रालय से फिलहाल कोई औपचारिक निर्देश नहीं मिला है, लेकिन दिल्ली में हुई घटना को देखते हुए नेपाल से लगने वाली 100 किलोमीटर की सीमा में सभी चौकियों पर जवानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। विशेष रूप से नेपाल से आने-जाने वाले ग्रामीण रास्तों और पगडंडियों पर सघन निगरानी बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि रुपईडीहा बीओपी के जवानों को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए संयुक्त गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रुपईडीहा बीओपी के इंस्पेक्टर ऋतुराज और थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि सीमा पर हर वाहन और व्यक्ति की सघन तलाशी की जा रही है।
डॉग स्क्वॉड और स्कैनर की मदद से सीमा पर आने-जाने वालों की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही हैं।