रुपईडीहा (बहराइच)। कस्बे में बिना लाइसेंस के एक मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर शुक्रवार को गोंडा व बहराइच के औषधि विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित सिरप व दवाइयां बरामद हुई। इस पर मेडिकल स्टोर से बरामद दवाओं को सीज कर दिया गया है। औैषधि विभाग की टीम जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
सीमा से सटे रुपईडीहा में बिना लाइसेंस व नाम के मेडिकल स्टोर का संचालन हो रहा है। क्षेत्र के चरदा दर्जी गांव निवासी नीलकमल पुत्र राजाराम का मेडिकल स्टोर रुपईडीहा में बिना नाम व लाइसेंस के संचालित हो रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर शुक्रवार को गोंडा औषधि विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर गणेश शंकर, बहराइच के औषधि निरीक्षक राजू श्रीवास्तव, बलराम के औषधि निरीक्षक ओमप्रकाश पहुंचे।
टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक से लाइसेंस व मेडिकल का नाम पूछा, लेेकिन वह नहीं दिखा सका। औषधि निरीक्षक राजू श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल स्टोर में इस दौरान प्रतिबंधित दवाएं, कोरेक्स सिरप व इंजेक्शन बरामद हुआ। जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि बरामद दवाइयों को सीज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट फाइल की जाएगी। इसके बाद अन्य कार्रवाई होगी।