फखरपुर (बहराइच)। खिलापतपुर गांव से बाइक से वापस लौट रहे युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फतेहपुर जिले के थाना गाजीपुर अंतर्गत सेमउर गांव निवासी राहुल (22) पुत्र भानु प्रकाश शुक्ला फखरपुर थाना क्षेत्र के खिलापतपुर गांव में जमीन खरीदकर फार्म बनवा रहे थे। सोमवार दोपहर तीन बजे के आसपास राहुल बाइक से वापस घर फखरपुर जा रहा था। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर फखरपुर थाना क्षेत्र के पारले चीनी मिल के निकट ट्रक ने ठोकर मार दी।
ठोकर लगने के बाद बाइक सवार ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पाकर सिपाही दिनेश मिश्रा व संदीप भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजवाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एसओ ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक परिवारीजनों को सूचना दी गई है। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।