फखरपुर। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। इनमें एक किशोरी स्कूल गई थी, जबकि दूसरी मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री बुधवार को क्षेत्र के एक विद्यालय में पढ़ने गई थी। विद्यालय का समय समाप्त होने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई। स्कूल पहुंचने पर किशोरी का स्कूल बैग और साइकिल परिसर में मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी सहेलियों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना में इसी थाना क्षेत्र की एक किशोरी मंगलवार सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों के अनुसार किशोरी मानसिक रूप से कमजोर है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है। इस मामले में भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि दोनों मामलों में किशोरियों की सकुशल बरामदगी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।