बहराइच के नानपारा में पुलिस द्वारा पकड़े गए नकली सोना बेचने वाले आरोपी।
- फोटो : BAHRAICH
नानपारा (बहराइच)। असली सोना दिखाकर लोगों को नकली सोना थमाने वाले दो टप्पेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आगरा और शामली के रहने वाले दोनों टप्पेबाजों के पास से 3.200 किलोग्राम नकली सोना बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के कुछ लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि दो लोग असली सोना दिखाकर लोगों को सस्ते दामों पर देने का दावा करते थे। इसके बाद इनके द्वारा नकली सोना थमाकर लोगों को ठगा जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने सूचना मिलने पर उप निरीक्षक नागेंद्र यादव व राजेंद्र प्रताप यादव की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने खरीददार बनकर शामली जिले के बाबरी थाना अंतर्गत बुटवाड़ा गांव निवासी रंधावा और आगरा जिले के थाना सिकंदरा अंतर्गत महमदपुर गांव निवासी धर्मेंद्र से संपर्क साधा। इन दोनों ने असली सोना दिखाया। इसके बाद पुलिस टीम ने जब इनको 6900 रुपये दिये तो टप्पेबाजों ने नकली सोना दे दिया।
सोने की जांच के बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के पास से 3.200 किलोग्राम नकली सोना बरामद हुआ है। टप्पेबाजी के 6900 रुपये भी मिले हैं। दोनों टप्पेबाजों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।