नवाबगंज क्षेत्र के संतलिया एसएसबी व पुलिस की अभिरक्षा में बरामद खाद और दोनों तस्कर।
बहराइच। नोमेंस लैंड के सीमा स्तंभ संख्या 646/2 के पास से बृहस्पतिवार को एसएसबी ने दो तस्करों को 20 बोरी खाद के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नेपाल का नागरिक भी शामिल है। दोनों साइकिल से खाद लादकर नेपाल ले जा रहे थे।
कंपनी कमांडर संतलिया व नवाबगंज पुलिस संयुक्त गश्त कर रही थी। इस बीच सीमा के स्तंभ संख्या 646/2 के 100 मीटर भारत की तरफ दो व्यक्ति साइकिल पर बोरियां लादकर भारत से नेपाल की तरफ जा रहे थे। टीम ने दोनों को पकड़ कर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने बताया कि वह यह खाद नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
इसके लिए पहले वह खाद को सीमा के पास डंप कर देते हैं। इसके बाद उसे नेपाल ले जाते हैं। इस मौके पर टीम ने 20 बोरी खाद के साथ दो साइकिल बरामद की। आरोपियों में नवाबगंज के गुलहरिया निवासी राम चन्दर मौर्या व नेपाल के ग्राम पिपर्वाहा निवासी राम कुमार शामिल हैं।