उर्रा (बहराइच)। एसएसबी 59वीं बटालियन के जवानों व मोतीपुर पुलिस ने संयुक्त गश्त के दौरान दो तस्करों को 225 ग्राम हीरोइन के साथ पकड़ लिया। तस्कर हीरोइन नेपाल ले जाकर जा रहे थे। आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। बरामद बाइक व हीरोइन को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसएसबी के मुताबिक हीरोइन की कीमत लगभग 2.25 करोड़ रुपये है।
एसएसबी 59वीं बटालियन बलई गांव बीओपी के इंस्पेक्टर दीपक कुमार राजेश्वरी, आशीष उपाध्याय, परदेसी कुमार, शैलेष कुमार औरर मोतीपुर थाने के अमित मौर्य, भगौती यादव सीमा पर गश्त कर रहे थे। मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्द्धन सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर पड़रिया मोड़ के पास जवान पहुंचे।
तभी बाइक सवार दो युवक नेपाल सीमा की ओर जाते दिखे। उन्हें रोक कर एसएसबी के जवानों ने तलाशी ली बाइक की डिक्की से हीरोइन बरामद हुई। एसएसबी के इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि डिक्की से 225 ग्राम हीरोइन बरामद हुई। इस पर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सद्दाम हुसैन पुत्र निवासी मंसूरबाग दरगाह और मोहम्मद आसिफ निवासी काजीपुरा कोतवाली नगर के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसएसबी के मुताबिक बरामद हीरोइन की कीमत अंतर राष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ 25 लाख 25 हजार रुपये है। तस्कर हीरोइन नेपाल ले जा रहे थे। मोतीपुर थानाध्यक्ष हर्षवर्द्धन सिंह ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त बाइक के कागजात आरोपियों से मांगे गए तो वे कागजात नहीं दिखा पाए। कड़ाई से पूछताछ पर उन्होंने बाइक चोरी की बताई।