रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बाराबंकी और रुपईडीहा पुलिस ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय अफीम तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। टीम ने बाबागंज-चरदा रोड पर घेराबंदी कर दो तस्करों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 10 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपी रुपईडीहा के ग्राम सोरहिया बाबागंज निवासी पंकज कुमार वर्मा और नेपाल के सुरखेत जिले के छींचू बाजार निवासी खिम बहादुर कार्की ने पूछताछ में बताया कि नेपाल के जाजरकोट निवासी अमर सिंह ने रुपईडीहा के एक पेट्रोल पंप पर खिम बहादुर को अफीम से भरा बैग सौंपा था। उसे यह खेप बाबागंज में कल्लू नाम के व्यक्ति तक पहुंचानी थी। इसके बदले 15 लाख रुपये मिलने थे, जबकि नेपाल लौटने पर दो लाख रुपये मेहनताना तय था।
इसके चलते खिम बहादुर ने अपने परिचित पंकज को मोटरसाइकिल लेकर बुलाया और दोनों अफीम लेकर बाबागंज-चरदा रोड की ओर निकल पड़े। उसी दौरान एएनटीएफ और रुपईडीहा पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की तलाश में जुटी है।