चरदा। मिहींपुरवा इलाके में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर दो निजी अस्पताल और एक पैथोलॉजी सेंटर को सील कर दिया गया। एक अन्य पैथोलॉजी सेंटर के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के संचालन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत नोडल अधिकारी एवं सीएचसी चरदा के अधीक्षक डॉ. थानेदार ने टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान मटेही मोड़ स्थित चंदन अस्पताल और मिहींपुरवा स्थित केपी अस्पताल में अनियमितताएं पाई गईं। इस पर दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया।
जांच टीम ने कमियां मिलने पर पैथकाइंड पैथोलॉजी को सील कर दिया गया। अगेसी पैथोलॉजी में अनियमितताएं मिलने पर उसके संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ। स्वास्थ्य विभाग नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा। नोडल अधिकारी थानेदार ने बताया कि बिना अनुमति या मानकों के विपरीत चल रहे संस्थानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।