बहराइच। जिले के अलग-अलग इलाकों से तीन किशोरियां और एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने संबंधित थानों में तहरीर दी। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना रानीपुर के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 31 जुलाई की रात करीब तीन बजे घर से कहीं चली गई। परिजनों के अनुसार, किशोरी एक मोबाइल नंबर पर अक्सर बातचीत करती थी। ऐसे में आशंका है कि कोई युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। किशोरी अपने साथ पांच हजार रुपये नकद, एक साइकिल और अपने 13 वर्षीय छोटे भाई को भी ले गई है।
इसी प्रकार, थाना रामगांव क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 31 जुलाई से घर से लापता है। परिजनों ने थाना क्षेत्र के ही एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है।
वहीं, थाना खैरीघाट के एक गांव निवासी ग्रामीण ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी शनिवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।