जिला अस्पताल में रविवार को बुखार पीड़ित दो रोगियों ने दम तोड़ दिया। जबकि विभिन्न संक्रामक रोगों से पीड़ित और 19 रोगी भर्ती किए गए हैं। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई गई है।
हरदी थाना अंतर्गत खालेपुरवा गांव निवासी सरोज (4) को कई दिनों से बुखार की शिकायत थी। इस पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह इसी क्षेत्र के चांदबेरिया गांव निवासी ननकन्ना (60) को बुखार व पेट दर्द की शिकायत थी।
ननकन्ना को जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन मौत हो गई। उधर, रविवार को जिला अस्पताल में बुखार, डायरिया व निमोनिया से पीड़ित और 19 रोगी भर्ती किए गए हैं। इनमें बुधराम (2) मल्हीपुर, ननकू (7) चित्तौरा, सर्वेश (3) मोहलीपुरा की हालत नाजुक बताई गई है।