कैसरगंज(बहराइच)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहपुर रसूलपुर में सोमवार को जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान धारदार हथियार से हमले में चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से दो को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
कैसरगंज कोतवाली के ग्राम पंचायत शाहपुर रसूलपुर निवासी प्रवीण सिंह व अमीन के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है, कि सोमवार की सुबह अमीन अपने कुछ साथियों शफीक व इमरान आदि के साथ विवादित स्थल पर पहुंचे और टिन शेड रखवाने लगे। जब प्रवीण ने इसका विरोध किया तो लाठी-डंडे व धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। प्रवीण को बचाने दौड़े रामतेज यादव, प्रदीप व पिंटू को भी पीट कर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुन इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कोतवाल हरेंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद शांत करवाया। उन्होंने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कैसरगंज भिजवाया जहां रामतेज व प्रवीण की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।