जिला अस्पताल में गत इंजेक्शन लगाने की हीलाहवाली के चलते बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चे के परिवारीजनों ने इंजेक्शन लगाने के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया था। इस मामले में आरोपी दो स्टाफ नर्सों को गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया गया। शासन स्तर जांच चल रही थी। शुक्रवार को दोनों नर्सों को निलंबित कर दिया गया।
जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में गत 10 अगस्त को हरदी क्षेत्र के एक बच्चे को इंजेक्शन लगाने के लिए स्टाफ नर्स ने 20 रुपये मांगे थे। पैसे नहीं मिलने पर इंजेक्शन लगाने में हीलाहवाली के चलते बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ।
शासन के निर्देश पर एक टीम ने बहराइच पहुंच जांच की जिसमेें चिल्ड्रेन वार्ड की स्टाफ नर्स आशा सिंह और किश्वर जहां की लापरवाही उजागर हुई। उसी समय स्टॉफ नर्स आशा सिंह का स्थानांतरण आजमगढ़ व किश्वरजहां का स्थानांतरण हरदोई कर दिया गया।
शुक्रवार को शासन ने मुख्य चिकित्साधिकारी बहराइच को पत्र भेजकर अवगत कराया कि दोनों नर्सों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने कहा कि निलंबन का पत्र मिलने के बाद दोनों नर्सों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।