रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार रात रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 29 ग्राम स्मैक बरामद कर दो नेपाली युवकों को पकड़ा है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि उपनिरीक्षक राहुल सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीमा पर पिलर संख्या 651/02 के पास, लगभग एक किलोमीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में छापा मारा। वहां से नेपाल के बांके जिले के कोहलपुर वार्ड संख्या तीन निवासी विजय चौधरी को 15 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं उपनिरीक्षक आशुतोष चंद्र की टीम ने पिलर संख्या 651/11 के पास से नेपाल के वार्ड संख्या 03, गांवपालिका नौबस्तानिवासी आशाराम थारू को 14 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा।
दोनों के खिलाफ थाना रुपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए बरामद स्मैक को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।