जिले में डेंगू और दिमागी बुखार कहर बरपा रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए दो रोगी डेंगू पॉजिटिव मिले। डेंगू की पुष्टि होने के बाद दोनों रोगी इलाज के लिए लखनऊ रवाना हो गए हैं।
वहीं दिमागी बुखार के भी छह रोगी पॉजिटिव पाये गये हैं। इन सभी का इलाज शुरू किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में डेंगू और दिमागी बुखार रोगियों के पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
तराई में डेंगू और दिमागी बुखार के चलते अब तक आधा दर्जन मौतें हो चुकी हैं। जबकि 20 से अधिक लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। वहीं दिमागी बुखार के रोगियों की संख्या 50 के पार पहुंच चुकी है।
शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचे वजीरगंज निवासी शंकील (35) पुत्र समीउल्ला व नेवरिया सोनवा निवासी अंकित कुमार त्रिपाठी (24) का टेस्ट लैब में हुआ तो दोनों के प्लेटलेट्स काफी कम मिले।
डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. ओपी पांडेय ने बताया कि दिमागी बुखार के लक्षण मिलने पर 12 रोगियों का रक्त परीक्षण किया गया। इनमें से सतीश (7), सानिया (10), सोनम (10), नेहा (5), राधेश्याम (10) और गुलीचा (6) दिमागी बुखार के पॉजिटिव रोगी मिले हैं।
इन सभी को तेज बुखार के साथ झटके आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिमागी बुखार के रोगियों का इलाज शुरू कर दिया गया है। उधर डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद दोनों रोगी इलाज के लिए लखनऊ रवाना हो गए हैं।