बहराइच। वाहन जांच के दौरान शनिवार को रूपईडीहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने नेपाल निवासी अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर चोरी की 15 बाइकें भी बरामद की गईं।
एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि रूपईडीहा थाना प्रभारी दद्दन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पचपकड़ी तिराहे के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोक कर उनसे बाइक के प्रपत्र मांगे गए। इस पर दोनों आनाकानी करने लगे। कड़ी पूछताछ पर दोनों ने बाइक चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गईं 15 बाइकें बरामद कीं। पकड़े गए चोरों की पहचान नेपाल के बांके जिला के जानकी गांव निवासी गुलजार खां व वसीम उर्फ छोटकऊ के रूप हुई है। दोनों पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि आरोपी मास्टर चाबी की मदद से भारत के सुनसान स्थानों व भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी कर उसे नेपाल में बेच देते थे।