बहराइच/चित्तौरा। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
हरदी क्षेत्र के गांव मौजनपुरवा गंगापुरवा निवासी पूनम ने बताया कि उनके पिता दशरथ (65) हरदी थाने में चौकीदार थे। मंगलवार देर शाम वह टॉर्च खरीदने बाजार जा रहे थे। प्राथमिक विद्यालय के निकट सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक भाग निकला।
परिजन घायल दशरथ को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात दशरथ की मौत हो गई। हरदी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
उधर कोतवाली देहात के पट्टीपुरवा गांव निवासी शिवकुमार ने बताया कि उनके भाई संजय (35) का मंगलवार को बच्चों को लेकर मंझले भाई से विवाद हो गया था। विवाद के बाद संजय गुस्से में चिलवरिया चौकी तहरीर देने गए थे। वहां से लौटते समय गोंडा–बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से पुलिस ने उनको एंबुलेंस से चित्तौरा सीएचसी भेजा, जहां इलाज शुरू होते ही संजय ने दम तोड़ दिया।
उधर, मिहींपुरवा–कतर्नियाघाट मार्ग पर हंसुलिया पुल के पास बुधवार सुबह एक सीएनजी ऑटो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अरविंद और उनके साथ बैठीं हीरामती (60) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने दोनों को मिहींपुरवा सीएचसी भेजा।
उधर, पयागपुर निवासी अरविंद अपने रिश्तेदारों से मिलकर मधवापुर गांव के मजरा भिउरा से लौट रहे थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे हंसुलिया पुल के पास तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। पीछे से आ रहे सर्राफा व्यापारी निखिल सोनी ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों को अपनी गाड़ी से सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद कटियार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनको मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।