कुत्ते के हमले में जख्मी महक को गोद में लिए मां। -संवाद
बहराइच। कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में कुत्तों के हमलों में एक साल की मासूम बच्ची समेत दो बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया है। अचानक हुए इन हमलों से इलाके में दहशत का माहौल है।
रिसिया के शंकरपुर गांव निवासी श्रीदेवी की 10 वर्षीय बेटी पिंका शनिवार सुबह घर के आंगन में खड़ी थी, तभी एक कुत्ता आया और उस पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर किसी तरह कुत्ता बच्ची को छोड़कर भाग गया। परिजन जख्मी बच्ची को तुरंत रिसिया सीएचसी ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उधर, मोतीपुर के जुगुनिया गांव निवासी जोगेश चौहान ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनकी एक वर्षीय बेटी महक घर के दरवाजे पर खेल रही थी। तभी एक कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह कुत्ते के जबड़े से उसे छुड़ाया। गंभीर हालत में बच्ची को मिहींपुरवा सीएचसी ले जाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दोनों मासूमों की हालत पर नजर रखी जा रही है। लगातार हो रहे कुत्तों के हमलों से ग्रामीण इलाकों में लोगों में डर बढ़ गया है। जोगेश का कहना है कि प्रशासन को कुत्तों को काबू में करने के लिए अभियान चलाना चाहिए, जिससे आम जन खासकर बच्चे सुरक्षित रह सकें।