नवाबगंज (बहराइच)। क्षेत्र में रविवार सुबह अचानक सड़क पर आए एक वनरोज से बाइक सवार टकरा गया। इस हादसे में वनरोज की मौत हो गई और बाइक सवार युवक व बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की हालात गंभीर देख चिकित्सक ने उसे मेडिकल कॉलेज ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।
नवाबगंज कस्बा निवासी नफीस कुरैशी (18) रविवार सुबह बाइक से नानपारा जा रहा था। उसके साथ भतीजा रेहान (9) भी बाइक पर बैठा था। नवाबगंज-नानपारा मार्ग पर बीजे गांव के पास सुबह करीब 10 बजे अचानक सामने एक वनरोज आ गया। उससे बाइक टकराने से नफीस व रेहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में वनरोज की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होेने पर नफीस को ट्राॅमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। अब्दुल्लागंज के वन क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार साहू ने बताया कि वनरोज के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक बाइक चालक नसीस हेलमेट नहीं लगाए थे।