कैसरगंज/नानपारा(बहराइच)। सड़क हादसों में मासूम बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानपारा थाना क्षेत्र के नानपारा मिहींपुरवा मार्ग पर भग्गापुरवा के पास मंगलवार की दोपहर सड़क पार कर रहे नौ वर्षीय मासूम गोलू को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। मौत से पिता निसार अहमद सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक नानपारा राकेश कुमार सिंह का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया है, चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं, कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोडहिया नंबर एक टेपरहन पुरवा गांव निवासी रामनरेश (62) मंगलवार को गांव स्थित मार्ग पर भैंस चरा रहे थे। तभी अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैसरगंज प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह का कहना है कि टक्कर मारने वाले बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
इसके अलावा कोतवाली देहात क्षेत्र के कीर्तनपुरवा ऊंचोपुरवा निवासी रामकुमार (23) सोमवार को बाइक से गड़रियन पुरवा कटहा निवासी अखिलेश (25), गोलू (24) के साथ चिलवरिया पल्लेदारी करने गए थे। लौटते समय कीर्तनपुर नवोदय विद्यालय के पास बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी। कीर्तनपुर पूर्व प्रधान सिराजुल हक ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बाराबंकी जिले के फरही भटौली रामनगर निवासी जीतराम (50) बाइक से रिश्तेदारी में हुजूरपुर आ रहे थे। पुरैनी गांव के पास मवेशी से टकराकर घायल हो गए। इसी तरह रामगांव थानाक्षेत्र के बेहटा भैय्या गांव निवासी भानु (16) सोमवार की रात साइकिल से दरगाह थाना क्षेत्र के जीआइसी के पास स्थित होटल में काम करने वाले रिश्तेदार से मिलने आए थे। लौटते समय जीआईसी के पास स्कूटी ने टक्कर मार दी। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।