विशेश्वरगंज थाने के सामने सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।
बहराइच /विशेश्वरगंज। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में लोडर चालक समेत दो की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
विशेश्वरगंज थाने के सामने शुक्रवार की देर रात गोंडा की ओर से आ रही रोडवेज बस और लोडर में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में लोडर चालक गोंडा जिले के देहात कोतवाली खिरौरामोहन गांव निवासी रामबहादुर (32) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खलासी रजत उपाध्याय (22) घायल हो गया।
बस सवार यात्री मामूली रूप से चोटिल हुए। पुलिस ने हादसे के बाद लोडर को गैस कटर से काटकर घायलों को बाहर निकाला। मृतक के भाई चौधरी चरन ने बताया रामबहादुर गोंडा से बहराइच में गद्दा उताकर लौट रहे थे। मृतक के दो बेटे हैं। मौत से पत्नी निर्मला देवी, पिता हरिशंकर समेत अन्य परिजनों में कोहराम है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया घटना के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। परिजनों की तहरीर मिलने पर चालक पर केस दर्ज किया जाएगा।
- ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सीतापुर जनपद के भुसना सदरपुर निवासी बाइक सवार संदीप कुमार (32) की मेडिकल कॉलेज बहराइच में शुक्रवार की रात मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया वे बहराइच से घर लौट रहे थे। रास्ते में सीतापुर के रेउसा के भर्था गांव के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी मौत हो गई। हेलमेट लगाए होने की जानकारी दी। मौत से परिजन बदहवास हैं।
- बाइक मवेशी से टकराई, तीन घायल
शहर के वसीरगंज निवासी बाइक सवार रेहान अंसारी (35), जुनैद खान (32) और समीर (28) शुक्रवार को देहात कोतवाली के गोलवाघाट के पास बाइक के सामने अचानक मवेशी आने से टकराकर गिर गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।