सड़क हादसे में मृतक राम बहादुर की फाइल फोटो।
बहराइच/विशेश्वरगंज। विशेश्वरगंज थाने के सामने शुक्रवार देर रात गोंडा की ओर से आ रही रोडवेज बस और लोडर में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में लोडर चालक गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के खिरौरामोहन गांव निवासी रामबहादुर (32) की मौके पर ही मौत हो गई और खलासी रजत उपाध्याय (22) घायल हो गए। वहीं, बस में सवार यात्री मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। बुरी तरह से क्षतिग्रस्त लोडर को पुलिस ने गैस कटर से कटवाकर घायलों को बाहर निकाला। मृतक के भाई चौधरी चरन ने बताया रामबहादुर गोंडा से बहराइच में गद्दे पहुंचाकर खाली लोडर लेकर लौट रहे थे।रामबहादुर के दो बेटे हैं। मौत से पत्नी निर्मला देवी, पिता हरिशंकर समेत अन्य परिजनों में कोहराम है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। तहरीर मिलने पर रोडवेज चालक पर केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)